एपीजे एजुकेशन सोसाइटी की माननीय अध्यक्षा श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया जी के प्रेरणादायी नेतृत्व तथा डॉ. नेहा बर्लिया जी के कुशल मार्गदर्शन में एपीजे स्कूल, मॉडल टाउन, जालंधर निरंतर मूल्यपरक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय मूल्यों का विकास कर रहा है। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए विद्यालय में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विशेष प्रार्थना सभा राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत रही। कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी कैडेट्स के जोशीले बैंड प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने आकर्षक देशभक्ति नृत्य, प्रेरणादायक देशभक्ति गीत तथा भारतीय सैनिकों के त्याग एवं बलिदान को दर्शाता प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रसेवा एवं देश के प्रति समर्पण की शपथ के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार चंदेल जी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को कारगिल विजय दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए देशभक्ति, साहस एवं निस्वार्थ सेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ श्रीमती अमनिंदर कौर बराड़, पीसीएस, एडीसी (जनरल), जालंधर द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यालय की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है, जो अनेक अमूल्य जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव श्रीमान सुरजीत लाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों, पूर्व विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर समाजसेवा के इस पुनीत कार्य में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को विद्यालय की ओर से स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। यह आयोजन जहाँ एक ओर कारगिल के वीर सैनिकों को सच्ची श्रद्धांजलि सिद्ध हुआ, वहीं दूसरी ओर उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रप्रेम, मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने में सफल रहा।