पंजाबशिक्षा और संस्कृति

एमजीएन स्कूल में 21वाँ वार्षिक समारोह ‘कल्पवृक्ष: निरंतर सीखने का वृक्ष’ जोश, उमंग और गरिमा के साथ संपन्न

**जालंधर, 5 नवंबर 2026।** जोश, उमंग और उत्साह से सराबोर माहौल में एमजीएन स्कूल का 21वाँ वार्षिक समारोह 2026 ‘कल्पवृक्ष: निरंतर सीखने का वृक्ष’ थीम पर अत्यंत भव्यता के साथ मनाया गया। प्रतिभा, परंपरा और संस्कृति के इस अद्भुत संगम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री गुरकंवल सिंह, आई.ए.एस., असिस्टेंट कमिश्नर, होशियारपुर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। समारोह स्थल पर उनके पधारने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर श्रीमती दिव्या पी., आई.ए.एस., ए.डी.सी., जालंधर (प्रशासक, एमजीएन एजुकेशनल ट्रस्ट), संस्थापक ट्रस्टी, एमजीएन एजुकेशनल ट्रस्ट, सरदार जरनैल सिंह पसरीचा जी, लाइफ ट्रस्टी, एमजीएन एजुकेशनल ट्रस्ट, सरदार रमनीक सिंह कालरा जी, श्री के.एस. रंधावा (प्रिंसिपल, एमजीएन आदर्श नगर) तथा श्रीमती परमिंदर कौर वालिया (प्रिंसिपल, एमजीएन कपूरथला) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ शब्द-गायन की आध्यात्मिक स्वर-लहरियों से हुआ। इसके पश्चात स्कूल कैप्टन्स ने आत्मविश्वास से भरा स्वागत भाषण प्रस्तुत किया और विद्यार्थियों ने मनमोहक शास्त्रीय नृत्य से सभी का मन मोह लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजीव बुड़ी राजा ने वार्षिक रिपोर्ट ‘ग्लिम्प्सेज़ ऑफ़ एमजीएन’ प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं खेल उपलब्धियों की प्रभावशाली झलक दिखाई।

जूनियर विंग के नन्हे गायकों ने आशा का संदेश देते गीत ‘You Raise Me Up’ से पूरे माहौल को भावविभोर कर दिया। इसके बाद ‘कल्पवृक्ष’ थीम पर आधारित नाटिका का मंचन हुआ, जिसमें कक्षा 1 से 5 तक के नन्हे कलाकारों ने हैप्पी डांस, सैड डांस और मोटिवेशनल डांस के माध्यम से जीवन के विविध रंगों को जीवंत कर दिया। उपस्थित अभिभावक बच्चों की प्रतिभा देखकर गर्व से अभिभूत हुए और विद्यालय के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

पुरस्कार वितरण समारोह में कक्षा दसवीं और बारहवीं (बैच 2025-26) सहित शैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। तालियों की गूँज के बीच मेधावी विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धियों का गौरव साझा किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर सीखते रहने और पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए तथा स्कूल के वाइस कैप्टन्स ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

समारोह का अंतिम चरण जोश और ऊर्जा का अनूठा उत्सव बन गया। सीनियर विंग के विद्यार्थियों ने संगीत प्रस्तुति के माध्यम से हौसलों की बुलंदी का संदेश दिया। इसके बाद इटरनल डांस, गिद्दा और धमाकेदार भांगड़े की प्रस्तुतियों ने पूरे प्रांगण में जोश की लहर दौड़ा दी और दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ, जो सभी के मन में अविस्मरणीय यादें छोड़ गया।

Related Articles

Back to top button