
ए.पी.जे. स्कूल, महावीर मार्ग, जालंधर में वार्षिक उत्सव ‘परवाज़’ – द जर्नी बिगिन्स’ का भव्य आयोजन

ए.पी.जे. स्कूल, महावीर मार्ग, जालंधर में कक्षा तीसरी से छठी तक के विद्यार्थियों का वार्षिक उत्सव ‘परवाज़’ – द जर्नी बिगिन्स’ 21 नवंबर 2026 को बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया, चेयरमैन, ए.पी.जे सत्या एंड स्वराण ग्रुप एवं चांसलर, ए.पी.जे सत्या यूनिवर्सिटी के गरिमामयी संरक्षण में आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती तान्या बैंस, आई.आर.एस., जॉइंट कमिश्नर जालंधर, उपस्थित रहीं। डॉ. नेहा बर्लिया, को-प्रमोटर, ए.पी.जे सत्या एंड स्वराण ग्रुप एवं प्रो-चांसलर, ए.पी.जे सत्या यूनिवर्सिटी ने समारोह की अध्यक्षता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गणेश वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का स्वागत किया। समारोह में विद्यालय की चेयरमैन श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया की प्रेरणादायक जीवन यात्रा पर आधारित एक विशेष वीडियो भी प्रदर्शित की गई, जिसमें उनके दूरदर्शी व्यक्तित्व और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री यशपाल शर्मा जी ने अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विभिन्न गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इसके पश्चात डॉ. नेहा बर्लिया जी ने अपने प्रेरणादायक विचारों की वीडियो से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में स्कूल के म्यूज़िक स्टूडियो की प्रस्तुति ‘परवाज़-ए-हौसला’ ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद शैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘फोक फ्यूज़न – परवाज़-ए-रक्स’ के माध्यम से लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई। ‘पंखों से परवाज़ तक’ नामक नृत्य प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के महत्व को खूबसूरती से दर्शाया। अंग्रेज़ी नाटक ‘Paradise Regained’ ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।
सूफी नृत्य ‘परवाज़-ए-रूह’ ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से वातावरण को मनमोहक बना दिया। वहीं हिंदी नाटक ‘गौरव गाथाएँ’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय गौरव, वीरता और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत किया। प्रत्येक प्रस्तुति में विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत, रचनात्मकता तथा आपसी सहयोग साफ दिखाई दे रहा था।
समारोह की मुख्य अतिथि श्रीमती तान्या बैंस, आई.आर.एस. ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
उप-प्रधानाचार्या श्रीमती आरती शोरी भट जी ने अंत में सभी मौजूद सदस्यों व अभिभावकों का धन्यवाद किया और वार्षिक समारोह में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की प्रशंसा कर उन्हें प्रोत्साहित किया ||
कार्यक्रम का समापन पंजाबी लोक नृत्य और संगीत से सजी प्रस्तुति ‘परवाज़-ए-जुनून’ के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान गाया गया।
इस प्रकार ‘ परवाज़’ – द जर्नी बिगिन्स’ केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा, आत्मविश्वास और सपनों को उड़ान देने का एक सुंदर उत्सव बनकर सामने आया। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चे में कुछ विशेष करने की क्षमता होती है और उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन मिलने पर वह अपनी मंज़िल तक अवश्य पहुँच सकता है।
विद्यालय का मूलमंत्र ‘सोरिंग हाई इज़ माय नेचर’ इस पूरे आयोजन की भावना में पूरी तरह प्रतिबिंबित हुआ।



