पंजाबशिक्षा और संस्कृति

ऑटोमोबाइल विभाग के विद्यार्थियों ने संत वाल्व इंडस्ट्री का किया औद्योगिक दौरा

जालंधर: मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज, जालंधर के ऑटोमोबाइल विभाग द्वारा विद्यार्थियों को औद्योगिक क्षेत्र की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से संत वाल्व इंडस्ट्री में औद्योगिक दौरा करवाया गया। यह दौरा कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह के संरक्षण तथा विभागाध्यक्ष श्री गौरव शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने ऑटोमोबाइल विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि औद्योगिक दौरे विद्यार्थियों के कौशल विकास तथा उन्हें उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से परिचित करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसी शैक्षणिक एवं तकनीकी गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

विभागाध्यक्ष श्री गौरव शर्मा ने कहा कि ऐसे औद्योगिक दौरे विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक प्रक्रियाओं से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे विद्यार्थियों की तकनीकी, व्यावहारिक एवं औद्योगिक समझ में वृद्धि होती है।

दौरे के दौरान इंडस्ट्री के तकनीकी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को ऑटोमोबाइल वाल्व के निर्माण की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने कच्चे माल का चयन, मशीनिंग, फिनिशिंग, असेंबली तथा गुणवत्ता जांच जैसी विभिन्न प्रक्रियाओं को नजदीक से देखा। इसके अलावा, उन्हें आधुनिक मशीनरी, उत्पादन प्रणाली तथा औद्योगिक सुरक्षा नियमों के बारे में भी जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों ने इस दौरे को ज्ञानवर्धक एवं अत्यंत लाभदायक बताया। उन्होंने कहा कि वाल्व निर्माण की प्रक्रिया को औद्योगिक स्तर पर व्यावहारिक रूप से देखने से विषय से संबंधित उनकी समझ और अधिक मजबूत हुई है।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष श्री गौरव शर्मा तथा लेक्चरर श्री साहिल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और औद्योगिक दौरे को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Related Articles

Back to top button