
चंडीगढ़, 18 अप्रैल
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने केंद्र सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए पंजाब की आप सरकार से अपील की है कि वह राज्य के लाखों कर्मचारियों के डीए में तुरंत वृद्धि करे और बकाया राशि भी जारी करे।
इस संबंध में अपने सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने लिखा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद केंद्र सरकार अब अपने कर्मचारियों को 60 प्रतिशत डीए दे रही है, जबकि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार केवल 42 प्रतिशत डीए दे रही है और राज्य में डीए की कई किस्तें अभी भी बकाया हैं।
उन्होंने कहा कि माननीय हाईकोर्ट ने भी निर्देश दिया है कि महंगाई भत्ता कर्मचारियों का अधिकार है, इसलिए सरकार को तुरंत डीए में वृद्धि करनी चाहिए और देरी के कारण उत्पन्न हुए बकाए तथा वेतन आयोग के लगभग 15,000 करोड़ रुपये भी कर्मचारियों को तुरंत जारी करने चाहिए।
सुनील जाखड़ ने कहा कि कर्मचारी किसी भी सरकार का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं और वही सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाते हैं। यदि उन्हें उनका पूरा वेतन मिलता है, तो वे अपनी सेवाएं बेहतर तरीके से दे सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की आप सरकार अपने कमजोर वित्तीय प्रबंधन के कारण कर्मचारियों को उनका हक देने से बच रही है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद केंद्र और पंजाब के कर्मचारियों के डीए में 18 प्रतिशत का अंतर हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पड़ोसी राज्यों हरियाणा और राजस्थान में भी कर्मचारियों को पूरा डीए मिल रहा है।
अंत में उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को विज्ञापनों और राजनीतिक रैलियों पर सरकारी धन खर्च करने की बजाय कर्मचारियों को उनका हक तुरंत देना चाहिए।