
फगवाड़ा ( नितिन कौड़ा )
खत्री महासभा पंजाब के महासचिव तथा ह्यूमन राईटस कोंसिल इंडिया (एंटी करप्शन सेल) के प्रदेश अध्यक्ष रमन नेहरा ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे निगम कर्मचारियों और सफाई सेवकों के धरने में शामिल होकर उनकी जायज मांगों को मानने का सरकार से आवाह्न किया है। उन्होंने आंदोलनकारियों को आर्थिक सहयोग भी देते हुए कहा कि वह पूरी तरह से अपने सफाई सेवक भाई-बहनों के साथ हैं और पंजाब सरकार से मांग करते हैं कि आंदोलनकारी सफाई सेवकों की सभी जायज मांगों को अविलंब पूरा कर हड़ताल को समाप्त करवाया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।उन्होंने कहा कि फगवाड़ा शहर पिछले कई दिनों से कूड़े के ढेर में तबदील होता जा रहा है, लेकिन सरकार और प्रशासन पूरी तरह कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों और सफाई सेवकों की हड़ताल के चलते शहर के बाजारों, मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर कूड़े का अंबार लग चुका है। जगह-जगह पड़े कूड़े के ढेरों से उठ रही बदबू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, जबकि डंप पूरी तरह भर चुके हैं। बावजूद इसके प्रदेश सरकार और प्रशासन के किसी भी अधिकारी को जनता की परेशानी दिखाई नहीं दे रही। रमन नेहरा ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और प्रशासन की ढीली कार्यप्रणाली के कारण शहर में बीमारी फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं किया गया तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह खत्री महासभा की ओर से मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप पार्टी सरकार से पुरजोर मांग करते हैं कि हड़ताल करने वाले संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ गंभीर चर्चा करके तुरंत उनकी जायज मांगों को स्वीकार किया जाये ताकि गंदगी के आलम से परेशान आम लोग सुख की सांस ले सकें।