
*जालंधर, 5 जून * मुस्लिम संगठन पंजाब की ओर से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को गुलाब देवी रोड स्थित ईदगाह मस्जिद के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। संगठन के प्रधान एडवोकेट नईम खान के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया और हाथों में बैनर व तख्तियां लेकर गाय संरक्षण के समर्थन में आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान ने कहा कि गाय को लेकर देश में राजनीति और सामाजिक विवादों की बजाय उसके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र और राज्य सरकारें वास्तव में गाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं, तो गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित कर उसके संरक्षण के लिए विशेष कानून और व्यवस्थाएं लागू की जानी चाहिए।
नईम खान ने कहा कि वर्ष 2015 से 2018 के बीच गाय के नाम पर 120 मुस्लिमानों की मॉब लिंचिंग की गई। कई घटनाओं में निर्दोष लोगों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार को स्पष्ट नीति बनानी चाहिए ताकि किसी भी समुदाय के साथ अन्याय न हो और सामाजिक सौहार्द कायम रहे।
एडवोकेट नईम खान ने मांग की कि गाय संरक्षण के नाम पर एकत्र होने वाले टैक्स और सरकारी फंड का उपयोग प्रत्येक जिले में आधुनिक सुविधाओं से लैस गौशालाओं के निर्माण पर किया जाए। साथ ही सड़कों पर घूम रही आवारा गायों को सुरक्षित रूप से गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए नगर निगम और संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी जाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और कृषि व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए उसके संरक्षण को राजनीतिक मुद्दा बनाने की बजाय मानवीय और सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जाना चाहिए। संगठन ने सरकार से मांग की कि गायों की सुरक्षा, देखभाल और पुनर्वास के लिए प्रभावी नीति बनाकर उसे सख्ती से लागू किया जाए।
इस मौके पर मुस्लिम संगठन पंजाब के अध्यक्ष जनाब सैयद अली, गुज्जर विंग के प्रधान रहमत अली , संगठन के युवा प्रधान सिकंदर, मुख्तार शेख, अरमान शेख, मौलाना जाकिर हुसैन रिजवी, शहादत खान, मोहम्मद आलम , बदरुल खान , जसीमुद्दीन मदीना, इरशाद अली ठेकेदार ,जब्बार खान , तबरेज़ ने गाय संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभिसीयान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान, हाथों में बैनर लिए प्रोटेस्ट करते हुए साथ हैं सैयद अली, रहमत अली , सिकंदर, मुख्तार शेख, अरमान शेख, मौलाना जाकिर हुसैन, शहादत खान, मोहम्मद आलम , बदरुल खान , जसीमुद्दीन मदीना, इरशाद अली ठेकेदार ,जब्बार खान , तबरेज़ व अन्य। (मज़हर)