

जालंधर: पंजाब में लगातार फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही है। इसी बीच सुखबीर बादल को धार्मिक सजा सुनाने वाले पूर्व जत्थेदार के घर पर फायरिंग की घटना सामने आई है। अमृतसर के प्रताप नगर में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना तब सामने आई जब घर के बाहर खड़ी एक कार में गोली का निशान और गोली का खोखा मिला।परिवार वालों के मुताबिक, इस घटना के बाद घर में डर का माहौल है। हालांकि CCTV फुटेज में फायरिंग करने वालों की साफ पहचान नहीं हो पाई, लेकिन फायरिंग की आवाज रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फायरिंग करने वालों की पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी चिंता और डर का माहौल देखा जा रहा है।



