
दिल्ली: दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब हवा में उड़ान के दौरान विमान के टॉयलेट में बम होने की धमकी भरा एक नोट मिला. इसके तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान का मार्ग बदला गया और लखनऊ एयरपोर्ट पर उसकी सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई. जानकारी के अनुसार, विमान के वाशरूम में एक टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा नोट मिला, जिस पर “प्लेन में बम है” लिखा हुआ था. क्रू मेंबर्स द्वारा पायलट को सूचित किए जाने के बाद सुबह करीब 8:46 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी गई. विमान ने सुबह 9:17 बजे लखनऊ में लैंड किया. विमान में 8 नवजात शिशुओं सहित 222 यात्री और 7 क्रू मेंबर्स (कुल 238 लोग) सवार थे, जिन्हें तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया. विमान को आइसोलेशन बे में खड़ा करके सीआईएसएफ और बम निरोधक दस्ते द्वारा सघन तलाशी अभियान और सुरक्षा जांच की जा रही है.