

लुधियाना: लुधियाना समेत पूरे पंजाब के नागरिकों के लिए नवजात बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र (बर्थ सर्टिफिकेट) बनवाना अब बेहद सुगम, त्वरित और झंझट-मुक्त हो गया है। राज्य सरकार ने प्रशासनिक सुधारों की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सेवा केंद्रों सॉफ्टवेयर को पूरी तरह अपग्रेड कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत शहर के तमाम छोटे-बड़े सरकारी अस्पतालों, निजी नर्सिंग होम और स्वास्थ्य केंद्रों का पूरा रिकॉर्ड और एरिया वाइज लोकेशन सॉफ्टवेयर में दर्ज कर दी गई है। इस तकनीकी अपग्रेडेशन के बाद अब अभिभावकों को बर्थ सर्टिफिकेट के लिए 15 दिन या महीनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा; अब महज 2 से 3 दिन के भीतर बच्चों का प्रमाण पत्र बनकर तैयार हो जाएगा।पूर्व व्यवस्था के अनुसार, बच्चे के जन्म के बाद माता-पिता को अस्पताल से मैनुअल फॉर्म व डिस्चार्ज स्लिप लेकर सेवा केंद्र जाना पड़ता था। इसके बाद फाइल वेरिफिकेशन के लिए नगर निगम के संबंधित जोनल दफ्तरों और स्वास्थ्य अधिकारियों के पास भेजी जाती थी। इस लंबी कागजी प्रक्रिया और फाइलों की मूवमेंट के कारण सर्टिफिकेट बनने में 15 दिन से लेकर एक महीने से भी ज्यादा समय लग जाता था। कई बार लोगों को क्लर्कों और बाबुओं के बार-बार चक्कर काटने पड़ते थे। अब सेवा केंद्रों के सिस्टम में अस्पतालों का सीधा डेटा लिंक हो जाने से यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो गई है और आवेदन के 2 से 3 दिन के भीतर सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा।



