चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी में मंगलवार को हुए एक दुखद हादसे में माइक्रोबायोलॉजी विभाग की एक P.H.D. स्कॉलर स्टूडेंट की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक स्टूडेंट ज्योति हरियाणा के रेवाड़ी जिले की रहने वाली थी। इस घटना से यूनिवर्सिटी कैंपस में शोक की लहर दौड़ गई है और कैंपस के बिजली सुरक्षा सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।शुरुआती जानकारी के अनुसार ज्योति मंगलवार को गर्ल्स हॉस्टल नंबर 10 से माइक्रोबायोलॉजी विभाग की तरफ जा रही थी। वह गर्ल्स हॉस्टल नंबर 8 और U.I.E.T. को जोड़ने वाली कच्ची सड़क पर पैदल जा रही थी, तभी रास्ते से गुजर रही बिजली की तार से उसे अचानक करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वहां मौजूद लोगों ने उसे तुरंत सेक्टर-16 के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।