

चंडीगढ़, 14 अक्टूबर (): मानसा में 13 अक्टूबर को नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद उनके पिता भीम सिंह और परिवार के नेतृत्व में गठित किसान-मजदूर यूनियनों, सामाजिक संगठनों तथा राजनीतिक दलों की संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा 15 अक्टूबर को पंजाब बंद के दिए गए आह्वान को पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक घटना है। इस मामले की सीबीआई से उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस मांग को लेकर आज पूरे पंजाब में जिला स्तर पर धरने दिए और डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर सीबीआई जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि कल होने वाले पंजाब बंद के दौरान भी भाजपा कार्यकर्ता अधिक से अधिक संख्या में भाग लेंगे और पार्टी इस मामले में न्याय की मांग को जोरदार तरीके से उठाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं के विरुद्ध पिछले कुछ समय से सामने आ रही घटनाएं गंभीर चिंता पैदा करती हैं। ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाना और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।



