

फगवाड़ा 1 अक्टूबर: (शिव कौड़ा) लोकसभा सदस्य डॉ.राज कुमार चब्बेवाल ने फगवाड़ा नगर निगम के अधिकारियों के साथ विस्तृत मीटिंग कर शहर भर में लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इनमें चल रहे, टेंडर प्रक्रिया के अधीन और प्रस्तावित विकास कार्य शामिल हैं।इस अवसर पर मेयर,डिप्टी मेयर और नगर निगम कमिश्नर भी मौजूद थे।मीटिंग के दौरान अधिकारियों ने सांसद को जानकारी दी कि लगभग 5 करोड़ रुपये के विकास कार्य इस समय जमीनी स्तर पर चल रहे हैं, जबकि 3.09 करोड़ रुपये की प्रोजेक्टों के वर्क ऑर्डर पहले ही जारी किए जा चुके हैं और इनका काम अगले कुछ दिनों में शुरू हो जाएगा। इसके अलावा, 5.74 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से संबंधित टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इन्हें जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा।इसी तरह, विशेष एस.ए.एस.सी.आई. ग्रांट के तहत 11.12 करोड़ रुपये के विकास कार्य भी फगवाड़ा में पहले से ही जारी हैं। इनमें सड़कों की सतह को बेहतर बनाने और अपग्रेड करने, पार्किंग सुविधाओं तथा पैदल चलने वालों के लिए बुनियादी ढांचे का विकास करने और शहर के सार्वजनिक स्थानों को बेहतर बनाने के कार्य शामिल हैं। इन प्रोजेक्टों को अक्टूबर महीने तक पूरा किया जाना है। डॉ.चब्बेवाल ने फगवाड़ा में नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। जिन कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी किए गए हैं, उनमें पिकलबॉल कोर्ट, क्रिकेट टर्फ और अन्य खेल सुविधाओं का निर्माण, अलुवालिया मोहल्ला, चाचोकी, पलाही गेट, हदियाबाद और गोबिंदपुरा सहित विभिन्न स्थानों पर ट्यूबवेल लगाना, सराय रोड पर स्लैब की मरम्मत तथा सीवरेज और पानी की पाइपलाइनों से संबंधित कार्य शामिल हैं।अन्य प्रोजेक्टों में गुरु नानक नगर में सीवरेज और पानी की पाइपलाइनें बिछाना, ऊधम सिंह नगर और आदर्श नगर में पानी के कनेक्शन उपलब्ध करवाना,शहर के नागरिक कार्यों के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और मजदूरों का प्रबंध करना तथा हदियाबाद और प्रीत नगर के स्कूलों में विकास कार्य करवाना शामिल है। इसके अलावा, लोगों की सुविधा से जुड़े कई अन्य प्रोजेक्ट भी किए जा रहे हैं। सांसद ने शहर के विभिन्न हिस्सों में चल रहे सीवरेज और जलापूर्ति परियोजनाओं की भी समीक्षा की। इनमें लियो क्लब भगतपुर, ऊधम सिंह नगर, आदर्श नगर, पुराना सतनामपुरा, हदियाबाद और पुत्री पाठशाला में सीवरेज पाइपलाइनें बिछाने के अलावा सिंधूरा मोहल्ला,पुरानी तहसील और अन्य स्थानों पर हैंड बोर ट्यूबवेल लगाने के कार्य शामिल हैं। डॉ. चब्बेवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवरेज और जलापूर्ति से संबंधित कार्यों की नजदीकी से निगरानी की जाए, ताकि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी हों और क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके डॉ.चब्बेवाल ने फगवाड़ा के विभिन्न इलाकों में प्रस्तावित और जारी सड़कों, गलियों, पार्कों तथा ड्रेनेज से संबंधित विकास कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की। इनमें संधी गैस एजेंसी के आसपास के इलाके, पुरानी डाकखाना रोड, आनंद नगर, खलवाड़ा गेट, मोहल्ला पीपा रंगी, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के पीछे का क्षेत्र, शाम नगर, शिवपुरी मोहल्ला, ओंकार नगर, संतोषपुरा, सतनामपुरा और भगतपुरा में गलियों के निर्माण और सुधार के कार्य शामिल हैं।बैठक के दौरान मानसा देवी ट्यूबवेल पार्क की मरम्मत और सुधार, पलाही गेट पर पार्क का विकास तथा खेड़ा रोड और सुखचैन साहिब रोड पर निकासी व्यवस्था से संबंधित कार्यों का भी जायजा लिया गया। इसके अलावा, शहर में नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अन्य परियोजनाएं भी शामिल हैं। इन सभी कार्यों की कुल लागत कई करोड़ रुपये है।इसके अलावा, हाजीपुर, होशियारपुर रोड, खलवाड़ा रोड और खलवाड़ा रोड से सटी कॉलोनियों, एस.ए.एस. नगर और पुरेवाल नगर, ग्रीन वैली कॉलोनी सहित अन्य आसपास के क्षेत्रों में सीवरेज लाइनें बिछाने के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत वाली एक बड़ी परियोजना भी शुरू की जा रही है। इस परियोजना के लिए टेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है और आने वाले दिनों में काम शुरू होने की उम्मीद है। इस परियोजना से सीवरेज नेटवर्क मजबूत होगा और इन क्षेत्रों के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। बैठक के दौरान डॉ. चब्बेवाल ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समय पर,पारदर्शी तरीके से और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे किए जाएं। उन्होंने मौके पर जाकर नियमित निगरानी करने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी परियोजना को बिना वजह लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों, सीवरेज, जलापूर्ति, ड्रेनेज, पार्कों, खेल सुविधाओं और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को इनका लाभ जल्द से जल्द मिल सके। डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि फगवाड़ा में नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए बड़ी संख्या में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं की लगातार निगरानी और समय पर पूरा होने से शहर के विभिन्न हिस्सों के लोगों तक विकास का लाभ पहुंचेगा।उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम को स्थानीय जरूरतों के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए और लोगों की सुविधा से सीधे तौर पर जुड़े कार्यों, जैसे सड़कें, निकासी व्यवस्था, सीवरेज, जलापूर्ति, पार्कों और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।



