

जालंधर; पंजाब के पटियाला-संगरूर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर वीरवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गांव पसियाना के पास भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक ढह गया। हादसे के समय पुल से दो ट्रक गुजर रहे थे, जो पुल के टूटे हुए हिस्से में फंस गए। इस दौरान एक ट्रक में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। पुल का एक हिस्सा अचानक नीचे धंस गया और दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया।राहत एवं बचाव टीमों ने दोनों ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों चालकों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में किसी की जान जाने की खबर नहीं है।



