
जालंधर : शहर के हरबंस नगर स्थित मनत हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी होम में आयोजित एक दिवसीय विशाल फ्री मेडिकल कैंप जनसेवा का शानदार उदाहरण बनकर उभरा। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस कैंप में जालंधर और आसपास के इलाकों से पहुंचे बड़ी संख्या में मरीजों ने भाग लिया और विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दी गई मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कैंप के दौरान ऑर्थोपेडिक मरीजों की मदद हेतु बीएमडी (हड्डियों की जांच), ईसीजी, ब्लड शुगर टेस्ट, हार्ट चेकअप और स्पाइरोमेट्री (फेफड़ों की जांच) जैसे महत्वपूर्ण परीक्षण पूरी तरह निःशुल्क किए गए। खास बात यह रही कि नर्व कंडक्शन स्टडी जैसी जांचें भी मुफ्त उपलब्ध करवाई गईं, जिससे नसों से संबंधित बीमारियों की पहचान में मरीजों को बड़ी राहत मिली। महिलाओं के लिए विशेष रूप से स्तन कैंसर की शुरुआती जांच (ब्रेस्ट स्क्रीनिंग) की व्यवस्था की गई, जिससे समय रहते बीमारी की पहचान संभव हो सकी।
डॉ. रीना मेडिकल कैंप के दौरान गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इसके साथ ही कैंप में आए सभी मरीजों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं तथा उनका सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला। वहीं डॉ. रीना कक्कड़ ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित जांच करवाने की अहमियत विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. रीना कक्कड़ ने बताया कि इस कैंप का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान कर उन्हें सही उपचार की दिशा में मार्गदर्शन देना है। उन्होंने कहा कि कैंप के दौरान सैकड़ों मरीजों की जांच की गई और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।
कैंप में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. गुरप्रीत सिंह ने मरीजों को दिल की बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनाव मुक्त जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि आज के बदलते लाइफस्टाइल में हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना बेहद जरूरी है। डॉ. सिंह ने मरीजों को शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की।
इस मौके पर वार्ड नंबर 55 के पार्षद तरविंदर सिंह तथा पूर्व पार्षद योगेश मल्होत्रा विशेष रूप से उपस्थित हुए और मनत हॉस्पिटल द्वारा आयोजित मेडिकल कैंप की सराहना की। उन्होंने इस सेवा के सफल आयोजन के लिए अस्पताल स्टाफ और डॉ. रीना कक्कड़ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक सरोकार से जुड़े प्रयास समाज के जरूरतमंद वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्थानीय निवासियों ने हॉस्पिटल प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मुफ्त मेडिकल कैंप समाज के हर वर्ग के लिए वरदान साबित होते हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी मनत हॉस्पिटल द्वारा इसी तरह के जनहितकारी प्रयास जारी रखे जाएंगे।