SliderUncategorizedपंजाब

महाराजा रणजीत सिंह के खालसा राज जैसा सांझा राज दोबारा स्थापित करना भाजपा का सपना: केवल सिंह ढिल्लों*

रूपनगर/चंडीगढ़, 13 नवंबर ( ): भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को आज ग्लोबल पंजाबी एसोसिएशन द्वारा रूपनगर में आयोजित एक समारोह के दौरान ‘राजा पोरस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पंजाब के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए राज्य की मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि पंजाब को बचाने के लिए भाजपा की सरकार जरूरी है। समारोह में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और डॉ. कुलवंत सिंह धालीवाल को भी सम्मानित किया गया।

अवॉर्ड प्राप्त करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इसे एक बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए विनम्रता से स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि राजा पोरस पंजाब की उस वीर भूमि के सपूत थे, जिन्होंने सिकंदर जैसे शक्तिशाली आक्रमणकारी का झेलम के किनारे डटकर मुकाबला किया था। बंदी बनाए जाने के बाद भी उन्होंने पूरे स्वाभिमान के साथ कहा था कि उनके साथ वैसा ही व्यवहार किया जाए, जैसा एक राजा दूसरे राजा के साथ करता है। ऐसे स्वाभिमानी राजा के नाम पर पुरस्कार मिलना उनके लिए गर्व की बात है।

महाराजा रणजीत सिंह की जयंती की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि खालसा राज जैसा सांझा शासन दुनिया में कहीं नहीं रहा, जहां सिख, हिंदू और मुस्लिम मिल-जुलकर रहते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा का सपना भी पंजाब में उसी तरह का खुशहाल, सुरक्षित और आपसी भाईचारे वाला शासन दोबारा स्थापित करना है। उन्होंने भाई घनैया जी की निष्पक्ष सेवा को भी याद किया और कहा कि सांझीवालता, स्वाभिमान, बहादुरी और सेवा ही पंजाबी पहचान की असली विशेषताएं हैं।

श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब शुरू से ही सीमावर्ती राज्य रहा है और कठिन समय में पंजाबी सभी मतभेद भुलाकर एकजुट हो जाते हैं। उन्होंने अफसोस जताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। सरकार को इन मुद्दों पर घेरते हुए उन्होंने कहा कि नशों का बढ़ता प्रकोप, बढ़ता अपराध, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरवाद, फिरौती और भ्रष्टाचार को रोकने में सरकार नाकाम रही है। इसके साथ ही राज्य पर कर्ज लगभग 2 लाख 82 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग सरकार से दुखी है, चाहे वे युवा हों, किसान, मजदूर या कर्मचारी। कर्मचारियों के डीए के मामले में हाईकोर्ट द्वारा सरकार पर जुर्माना लगाया गया है, जबकि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 60 प्रतिशत डीए दे रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब को इस संकट से बाहर निकालने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना जरूरी है।

उन्होंने ग्लोबल पंजाबी एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था देश-विदेश में बसे पंजाबियों को उनकी जड़ों, मातृभाषा, विरासत और हिंदू-सिख एकता से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जब पंजाब अपने इतिहास पर गर्व करते हुए एकजुट होगा, तो यह फिर से पूरी दुनिया के लिए अमन-शांति और खुशहाली का प्रकाश बनेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और डॉ. कुलवंत सिंह धालीवाल को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने इकबाल सिंह लालपुरा, सदस्य संसदीय बोर्ड भाजपा, एसोसिएशन के अध्यक्ष जसविंदर सिंह ढिल्लों, अजयवीर सिंह लालपुरा और पूरी एसोसिएशन का धन्यवाद किया।

Related Articles

Back to top button