महाराष्ट्र :नांदेड़ शहर से एक बेहद चौंकाने वाला और सेहत से खिलवाड़ करने वाला मामला सामने आया है। यहां खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को एक दवा दुकान अचानक छापेमारी की। आरोप है कि यह दुकान संचालक मरीजों की जान की परवाह किए बिना धड़ल्ले से एक्सपायरी डेट की दवाएं बेच रहा था। एक जागरूक नागरिक की शिकायत पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद प्रशासन ने अगली कार्रवाई होने तक मेडिकल स्टोर को पूरी तरह से बंद कर दिया है। इस मौके पर बातचीत करते हुए 90 वर्षीय मधुमेह पीड़ित पिता के लिए दवाएं खरीदने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि पिछले वर्ष दिसंबर में दवाओं की इस्तेमाल अवधि समाप्त होने का पता चलने के बाद उसने इसकी शिकायत एफडीए से की थी अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफडीए ने सोमवार को डॉक्टर्स लेन स्थित दवा की दुकान पर छापा मारा और वहां से दवाएं बरामद कीं। आरोप है कि ये दवाएं चिकित्सक के पर्चे के बिना बेची जा रही थीं, दुकान पर फार्मासिस्ट मौजूद नहीं था और ग्राहकों को बिल भी नहीं दिए जा रहे थे।