Sliderराष्ट्रिय

यूरिया-डीएपी से लदे 15 जहाज होर्मुज से सुरक्षित रवाना

दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच भारत के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। केंद्र सरकार ने बताया है कि उर्वरक और कच्चा माल लेकर आने वाले 15 जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुके हैं और भारत की ओर बढ़ रहे हैं। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अनुसार, इन जहाजों के सुरक्षित निकलने से देश में उर्वरकों की आपूर्ति पर तत्काल किसी बड़े संकट की आशंका नहीं है। सरकार ने किसानों की जरूरतों को देखते हुए पर्याप्त भंडारण और वितरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत की ओर आ रहे 15 जहाजों में 8 जहाजों में 3.32 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 4 जहाजों में 2.57 लाख मीट्रिक टन डाइ-अमोनियम फॉस्फेट 3 जहाजों में 1.11 लाख मीट्रिक टन सल्फर लोड किया गया है। इसके अलावा पांच और जहाज भी भारत के लिए रवाना होने वाले हैं। रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर वैश्विक सप्लाई चेन पर पड़ा है। इसके कारण उर्वरकों की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और समुद्री शिपमेंट में भी देरी देखी गई है।

Related Articles

Back to top button