
फगवाड़ा 5 जून (शिव कौड़ा) पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत आज फगवाड़ा के मोहल्ला गोबिंदपुरा में वार्ड कौंसलर रविंदर रवि की अगुवाई में जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरित किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से पहुंचे सांसद एवं विधानसभा हलका फगवाड़ा के इंचार्ज डा. राजकुमार चब्बेवाल ने उपस्थित वार्ड वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार जनता के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और ‘मेरी रसोई’ योजना भी इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अन्तर्गत आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राशन उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे और प्रत्येक परिवार को सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जनहितैषी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को राहत पहुंचाई जा रही है। डा. चब्बेवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार की गई वृद्धि के कारण महंगाई अत्यधिक बढ़ी है, जिसकी सबसे अधिक मार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ी है। ऐसे हालात में पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ा सहारा साबित हो रही है और लोगों को महंगाई के दौर में राहत प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है तथा आने वाले समय में भी जनकल्याण की अन्य योजनाएं शुरू की जाएंगी। इस दौरान पर मेयर रामपाल उप्पल ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा लोगों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मेरी रसोई’ योजना गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिससे महंगाई के इस दौर में हजारों परिवारों को राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार सेवा और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है तथा जनता से किए गए प्रत्येक वादे को पूरा कर रही है। दोआबा जोन बी.सी. विंग के इंचार्ज दलजीत राजू दरवेश पिंड ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब सरकार की जनहितैषी नीतियों के कारण समाज के हर वर्ग का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘मेरी रसोई’ जैसी योजनाएं यह साबित करती हैं कि आम आदमी पार्टी की सरकार आम लोगों की जरूरतों और समस्याओं को समझती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण बढ़ी महंगाई के बावजूद पंजाब सरकार लोगों को राहत देने के लिए लगातार प्रयासरत है और भविष्य में भी जनकल्याण के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य एवं वार्ड वासी उपस्थित थे।