

चंडीगढ़: चंडीगढ़ में जोरदार धमाके का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ में एक शराब के ठेके पर बम जैसी चीज फेंकी गई। एक्टिवा पर सवार 2 युवकों ने दुकान की तरफ एक चीज फेंकी, जो ‘सुतली बम’ जैसी दिख रही थी, जिससे जोरदार धमाका हुआ। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि, युवकों द्वारा दुकान के अंदर वस्तु फैंकी गई, जोकि अंदर मौजूद ग्राहकों के पैरों के पास जाकर गिर गई। इसके बाद देखते ही देखते जोरदार धमाका हो गया, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वारदात को अंजाम देने का बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना का सूचना मिलते ही सेक्टर-11 थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। इस दौरान ये बात भी सामने आई है कि, घटना से 5 दिन पहले एक महिला ठेके के बाहर वीडियो बनाती हुई दिखाई दी। फिलहाल पुलिस उस संदिग्ध महिला की तलाश में है, उसके बाद ही पता चल पाएगा कि वह वीडियो क्यों बना रही थी। ठेका मालिक ने पुलिस से कहा कि, जांच की जाए कहीं महिला कोई रेकी करने तो नहीं आई थी।



