चंडीगढ़: चंडीगढ़ में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के मामले में फंसे पंजाब पुलिस के सस्पेंड डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सीबीआई की विशेष अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आदेश दिया है कि जांच पूरी होने तक भुल्लर और उनके परिवार से जुड़े सभी बैंक खाते फ्रीज रहेंगे। अदालत के इस फैसले के बाद मामले में आर्थिक लेनदेन की जांच और तेज होने की संभावना है।इस बीच, मामले के सह-आरोपी कृष्णु शारदा पर भी शिकंजा कसता जा रहा है। अब केंद्रीय जांच ब्यूरो के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय ने भी इस मामले में जांच शुरू कर दी है। हाल ही में सीबीआई और ईडी की संयुक्त कार्रवाई के दौरान चंडीगढ़ स्थित भुल्लर के आवास समेत कुल 11 ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। जांच एजेंसियों ने इस दौरान कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैंइससे पहले अदालत ने डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और सह-आरोपी कृष्णु शारदा की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने अदालत के संज्ञान आदेश को चुनौती दी थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि उन्हें मामले से जुड़े कई नए और अहम सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर अब कई वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।