
लुधियाना: शहर के जवाहर नगर कैंप में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों के बीच शुरू हुई तकरार अस्पताल की दहलीज तक जा पहुंची और वहां सरेआम हुई फायरिंग से पूरा इलाका थर्रा उठा। इस खूनी संघर्ष में एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे नाजुक हालत में दयानंद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जवाहर नगर कैंप में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान सूरज भाटी और धर्मेंद्र के गुटों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस झड़प के बाद दोनों पक्ष अपनी-अपनी एमएलआर और इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे थे। लेकिन किसे पता था कि अस्पताल का शांत परिसर अखाड़े में तब्दील होने वाला है। अस्पताल पहुंचते ही दोनों पक्षों का एक बार फिर आमना-सामना हो गया।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 के एसएचओ भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तुरंत घायल धर्मेंद्र को अस्पताल पहुंचाया और इलाके में नाकेबंदी कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही आरोपी और उसके साथियों को सलाखों के पीछे धकेला जाएगा।