12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सी टी ग्रुप द्वारा अपने विभिन्न कैंपसों में विशेष योग सत्रों का आयोजन किया गया। इन सत्रों का उद्देश्य विद्यार्थियों, फैकल्टी एवं स्टाफ के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्पष्टता और समग्र विकास को प्रोत्साहित करना था।

सी टी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए एक प्रभावशाली योग सत्र का आयोजन प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं योग विशेषज्ञ श्री धरम पाल जी (पूर्व प्राचार्य एवं राज्य पुरस्कार विजेता) के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने अपने अनुभव और गहन ज्ञान के माध्यम से योग को सरल, रोचक और जीवनोपयोगी बनाया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सकारात्मक ऊर्जा, शांति तथा आत्मिक संतुलन का अनुभव किया।
विद्यालय की प्राचार्या सुश्री मनीषा बसनेट ने श्री धरम पाल जी का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किया।

इसी क्रम में सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, शाहपुर कैंपस में “Self-realisation before God’s realisation” विषय पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं विश्व संगीत दिवस के अवसर पर विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र का संचालन डॉ. रुपाली कोहली (योग प्रशिक्षक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी) एवं सुश्री अमरजीत कौर बोपराय (योग प्रशिक्षक) द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद से हुई, जिसके पश्चात संगीत के साथ वार्म-अप कराया गया। इसके बाद योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को मानसिक शांति, सजगता एवं भावनात्मक संतुलन का अनुभव कराया गया।
डॉ. रुपाली कोहली ने कहा कि “योग केवल आसनों या ध्यान तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्तमान में जीने की कला है।” वहीं, श्रीमती अमरजीत कौर बोपराय ने कहा कि “योग श्वास के संतुलन के माध्यम से मन और शरीर पर नियंत्रण स्थापित करता है।”

इसी प्रकार, सीटी ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस, नॉर्थ कैंपस, मकसूदां में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। ‘सीएम की योगशाला’ की विशेषज्ञ टीम द्वारा आयोजित सत्र में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, श्वास अभ्यास एवं ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों, फैकल्टी और स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पूरे कैंपस में सकारात्मकता और स्वास्थ्य का वातावरण निर्मित किया।
कैंपस निदेशक डॉ. अनुराग शर्मा ने कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है, जो शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन प्रदान करती है।”

सभी कैंपसों में फैकल्टी सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए स्वयं को तरोताजा, ऊर्जावान और मानसिक रूप से सशक्त महसूस किया। सीटी ग्रुप प्रबंधन ने इस अवसर पर स्वास्थ्य, जागरूकता और समग्र विकास को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा सभी को योग को अपने रोज़मर्रा जिंदगी का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।