
डेराबस्सी, 11 जुलाई 2026।
लघु उद्योग भारती, पंजाब प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी बैठक एवं स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर पंजाब के महामहिम राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने महिला उद्यमिता के सशक्तिकरण एवं उद्योग जगत में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे सतत एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए लघु उद्योग भारती, पंजाब प्रदेश की उपाध्यक्ष एवं प्रदेश महिला कार्य प्रभारी श्रीमती सीमा धूमल को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री कटारिया ने महिला उद्यमियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महिला उद्यमिता देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है तथा ऐसे प्रयास समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
समारोह में लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री मधुसूदन दादू, अखिल भारतीय सचिव श्रीमती अंजू बजाज, श्रीमती अंजू सिंह, पंजाब प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रदीप मोंगिया, महासचिव श्री विवेक राठौर सहित पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश एवं हरियाणा के पदाधिकारी, महिला उद्यमी, स्थानीय उद्योगपति, समाजसेवी, पंजाब प्रशासन के अधिकारी तथा विभिन्न समाचार एवं संचार माध्यमों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात श्रीमती सीमा धूमल ने इस सम्मान को सभी महिला उद्यमियों एवं लघु उद्योग भारती परिवार को समर्पित करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार, उद्योग एवं नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करना और उन्हें सशक्त बनाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए उनके प्रयास इसी प्रकार जारी रहेंगे।