
चंडीगढ़, 10 जून
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा पंजाब के लोगों को धर्म और भाषा के नाम पर बांटने की कोशिश की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्हें ऐसी गंदी राजनीति करने से बाज आने की सलाह दी है।
इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संदेश में सुनील जाखड़ ने लिखा:
“केजरीवाल जी/भगवंत मान जी, जिस आग को आप बुझा नहीं सकते, उसे लगाइए मत। पंजाब को धर्म के नाम पर बांटने वाली इस गंदी राजनीति से बाज आइए। पंजाब गुरु साहिबानों द्वारा दिए गए ‘मानस की जाति सबै एकै पहचानबो’ के दिव्य सिद्धांत पर चलता है।”
सुनील जाखड़ ने कहा कि पहले अरविंद केजरीवाल और फिर उनके निर्देश पर भगवंत मान द्वारा हिंदी भाषा में ट्वीट करके स्वयं को हिंदुओं का हितैषी बताने की कोशिश के पीछे पंजाब की सांप्रदायिक और सामाजिक एकता को तोड़ने की आम आदमी पार्टी की एक साजिश है।
उन्होंने कहा कि पंजाब ऐसे राजनीतिक नेताओं की असलियत को बहुत जल्दी पहचान लेता है।