

मानसा: मानसा में नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे स्कूल बस, आगे जा रही PRTC बस से टकरा गई। जिससे स्कूल बस में सवार करीब 10 से 15 छात्र घायल हो गए। इसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।इसके अलावा स्कूल बस ड्राइवर की दोनों टांगें टूट गई। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल बरेटा पुलिस इस मामले की अब जांच कर रही है। यह स्कूल बस हौली हार्ट पब्लिक स्कूल, किशनगढ़ की बताई जा रही है।PRTC बस के ड्राइवर के मुताबिक, वह मानसा से जाखल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बस के आगे अचानक एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार के कान पर मोबाइल फोन लगा हुआ था। उसके अचानक सामने आने पर PRTC बस ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगा दिए।इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूल बस PRTC बस से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल बस में सवार कई बच्चे घायल हो गए। हादसे में स्कूल बस ड्राइवर की दोनों टांगें टूट गईं।



