Sliderपंजाब

हर वार्ड में विकास हमारी प्राथमिकता – मोहिंदर भगत ने गोतम नगर में 35 लाख के कार्य का किया शुभारंभ

जालंधर : शहर के विकास कार्यों को गति देते हुए वार्ड नंबर 60 के गोतम नगर इलाके में करीब 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस विकास परियोजना का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री पंजाब सरकार माननीय श्री मोहिंदर भगत एवं जालंधर के मेयर माननीय श्री विनीत धीर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि गोतम नगर में गलियों के निर्माण कार्य की शुरुआत होना क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और नगर निगम की प्राथमिकता शहर के हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाना है, ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लंबे समय से गोतम नगर की गलियों की स्थिति खराब होने के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब इन गलियों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जलभराव की समस्या में भी कमी आएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में वार्ड की अन्य आवश्यक समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।

वहीं जालंधर के मेयर विनीत धीर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोतम नगर की गलियों का निर्माण कार्य जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
मेयर विनीत धीर ने आगे कहा कि नगर निगम का उद्देश्य है कि लोगों को साफ-सुथरा वातावरण, बेहतर सड़कें और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर मिले। इस काम के पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी और मोहल्ले का स्वरूप भी बेहतर होगा।

वार्ड नंबर 60 के पार्षद गुरजीत सिंह घुम्मन ने कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि गलियों के निर्माण से मोहल्ले में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर होगी, क्षेत्र का सौंदर्यीकरण बढ़ेगा और लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में सुविधा मिलेगी।

इस दौरान स्थानीय निवासियों ने विकास कार्य शुरू करवाने के लिए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत और मेयर विनीत धीर का आभार व्यक्त किया तथा उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह क्षेत्र की अन्य जरूरतों को पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम में मेयर विनीत धीर, पार्षद गुरजीत सिंह घुम्मन, रमेश राणा, सचिन राणा, दीपक गुप्ता, दर्शन सिंह, सतिंदर पाल सिंह चावला, अश्वनी हांडा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button