दिल्ली : देश के करोड़ों ग्रामीण परिवारों के लिए लगभग दो दशकों से आजीविका का सबसे बड़ा सहारा रही ‘मनरेगा’ ( योजना 1 जुलाई, 2026 से इतिहास का हिस्सा बनने जा रही है। केंद्र सरकार इसकी जगह एक नई और बेहद आधुनिक ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना ‘VB-G RAM G’ लागू करने जा रही है। यह बदलाव ऐसे समय में हो रहा है जब देश के कई हिस्सों में कमजोर मानसून की आशंका है, जिससे खेती प्रभावित हो सकती है। आइए, आसान भाषा में समझते हैं कि मनरेगा क्यों बंद हुई और नई योजना में आपके लिए क्या खास है।मनरेगा को बंद करके नई व्यवस्था लागू करने के पीछे सरकार ने प्रशासनिक और तकनीकी कमियों को मुख्य वजह बताया है। ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा की गई व्यापक समीक्षा में कई राज्यों से फर्जी मस्टर रोल, फर्जी हाजिरी, अधूरे काम और फंड के दुरुपयोग की गंभीर शिकायतें मिली थीं। बदलती ग्रामीण अर्थव्यवस्था और डिजिटल युग की आवश्यकताओं को देखते हुए सरकार का मानना था कि अब एक अधिक पारदर्शी और परिणाम-उन्मुख योजना की जरूरत है। 1 जुलाई से लागू होने वाली इस नई योजना का ढांचा बेहद व्यापक है जो रोजगार के साथ-साथ हुनर को भी बढ़ावा देगा। इस योजना का नाम ‘VB-G RAM G’ यानी ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन-ग्रामीण’ रखा गया है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, इसका मकसद केवल दैनिक मजदूरी देना नहीं, बल्कि गांवों में स्थायी संपत्तियां बनाना और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाना है।