Sliderदोआबापंजाब

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में चंडीगढ़ रैली में शामिल हुए हलका इंचार्ज मान

फगवाड़ा 30 जुलाई (शिव कौड़ा) दिल्ली शराब घोटाले मामले में आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की ई.डी. के बाद सी.बी.आई. द्वारा हुई गिरफ्तारी और जेल में केजरीवाल के  स्वास्थ्य के साथ कथित खिलवाड़ के विरोध में आम आदमी पार्टी की तरफ से आज चंडीगढ़ में राज्य व्यापी रोष प्रदर्शन किया गया। जिसमें आम आदमी पार्टी हलका फगवाड़ा के इंचार्ज जोगिन्द्र सिंह मान साथियों सहित शामिल हुए। इस रोष प्रदर्शन से लौटने पर फगवाड़ा में पत्रकारों को संबोधित करते हुए जोगिन्द्र सिंह मान ने कहा कि केन्द्र में पिछले दस साल से अघोषित तानाशाही लागू है। सरकारी एजेंसियों सहित समूची मशीनरी पर मोदी सरकार और भाजपा का कब्जा है। विपक्षी नेताओं को साजिशन अनरगल आरोप लगा कर जेलों में ठूंसा जा रहा है। इसी साजिश का शिकार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि अरविंद केजरीवाल का कसूर क्या है। सिर्फ यही कि उन्होंने गरीबों के लिए स्कूल और अस्पताल बनवाये हैं जो भाजपा को गवारा नहीं है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि तीसरी बार सत्ता पाकर जो लोग अहंकार के नशे में चूर हैं, उनका ये अहंकार तोडऩे के लिये जनता उठ खड़ी हुई है। पिछले लोकसभा चुनाव में इसकी एक झलक देखी जा चुकी है क्योंकि विपक्ष मजबूत हो रहा है। मान ने कहा कि एक मुख्यमंत्री जो जनता के बहुमत से चुना गया है उसे अनैतिक तरीके से गिरफ्तार किया गया। जब ईडी की गिरफ्तारी को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती मिली तो जमानत न मिल जाये इसलिए सी.बी.आई. का दुरुपयोग करके अन्य मामले में गिरफ्तारी डलवा दी गई। जिसका आम आदमी पार्टी कड़ा विरोध करती हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल डायबिटीज टाईप-2 से ग्रस्त हैं, उन्हें जेल में जानबूझ कर ऐसा भोजन दिया जा रहा है जो उनकी सेहत के लिये ठीक नहीं है। भाजपा आप पार्टी के बढ़ते ग्राफ से इस कदर घबरा चुकी है कि केजरीवाल की जान की दुश्मन बन गई है लेकिन आम आदमी पार्टी भाजपा की तानाशाही और ज्यादतियों से डरने वाली नहीं है।

Related Articles

Back to top button