गुरदासपुर: हिमाचल प्रदेश मे लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पौंग डैम का जलस्तर आए दिन खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है। इसके चलते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए फिर दूसरे दिन पौंग बांध से 40055 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी 17909 टर्बाइनों और 22146 स्पिलवे गेट के माध्यम से शाह नहर बैराज में छोड़ा जा रहा है। वहीं प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट कर दिया है।शाम 6 बजे पौंग डैम झील में पानी की आमद 89 हजार 995 क्यूसेक नोट की गई और डैम का जलस्तर 1375.72 फुट दर्ज किया गया। शाह नहर बैराज से 33 हजार क्यूसेक पानी ब्यास दरिया में और 5500 क्यूसेक पानी मुकेरियां हायडल नहर में छोड़ा जा रहा है। जलस्तर बढ़ने की वजह से ब्यास नदी के आसपास के इलाकों में बाढ़ के खतरे को लेकर प्रशासन ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था और लोगों से नदी के किनारों से दूर रहने की अपील की थी। पौंग डैम से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की तहसील इंदौरा के निचले इलाकों और पंजाब के गुरदासपुर, होशियारपुर और तरनतारन जिलों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।