
मथुरा: मंगलवार देर रात मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भयावह हादसा हो गया, जब घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। आगरा से नोएडा की ओर जा रही कई बसें और कारें अचानक हादसे का शिकार हो गईं। टक्कर के बाद वाहनों में आग लग गई, जिससे एक्सप्रेसवे कुछ ही पलों में चीख-पुकार और लपटों से भर गया।हादसा रात करीब दो बजे थाना बलदेव क्षेत्र के गांव खड़ेहरा के पास माइल स्टोन 127 के नजदीक हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोहरा इतना घना था कि सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान 8 बसें और 3 कारें आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहन तुरंत आग की चपेट में आ गए।इस दर्दनाक हादसे में 4 यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। कई यात्री बसों के अंदर फंस गए, वहीं कुछ लोग कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।