फगवाड़ा 3 मार्च (शिव कौड़ा) होली के पावन अवसर पर फगवाड़ा के जीटी रोड स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में शहरवासियों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भजन गायक आनिक पुरी बंगा ने अपनी मधुर व भावपूर्ण प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल देर तक भक्ति रस में झूमता रहा। आनिक पुरी ने अपने भाव प्रकट करते हुए कहा कि राधा के संग श्याम जब रंग बरसाते हैं, तब केवल तन नहीं, मन भी रंग जाते हैं और ब्रज की होली प्रेम का संदेश सुनाती है, श्याम रंग में डूब कर ही तो, राधा रानी अमर हो जाती है। जिसके बाद तालियों की गूंज के बीच जैसे ही मोहे रंग दे श्याम अपने ही रंग में की धुन गूंजी, संगत ने फूलों की होली खेलते हुए भक्ति और प्रेम के रंग में स्वयं को सराबोर कर लिया। मोहे रंग दे श्याम, आज बिरज में होली रे रसिया, होरी खेले रे रघुबीर अवध में जैसे होली के विशेष गीतों-भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरा वातावरण राधे-राधे और श्याम नाम के जयकारों से गूंज उठा। समाज सेवक हैप्पी ब्रोकर ने बताया कि आनिक पुरी मात्र आठ वर्ष की आयु से श्रीकृष्ण भजनों का गायन कर रहे हैं और उन पर मां सरस्वती की विशेष कृपा है। उनके गायन में भक्ति, माधुर्य और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। कार्यक्रम के दौरान संगत के लिए विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के लंगर का विशेष प्रबंध किया गया था। इस अवसर पर साहिल सोनी, सुरेश पुरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।