जालंधर: विश्व किडनी दिवस के अवसर पर Patel Hospital में 12 मार्च 2026 को निःशुल्क किडनी एवं यूरोलॉजी चेक-अप कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य लोगों को किडनी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और किडनी से संबंधित बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना था।

कैंप में आए मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क परामर्श दिया गया तथा किडनी से संबंधित निःशुल्क स्क्रीनिंग टेस्ट भी किए गए। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड जांच पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट भी प्रदान की गई। इस दौरान 100 से अधिक मरीजों की जांच की गई और उन्हें किडनी स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट Dr. Swapan Sood ने बताया कि किडनी को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, संतुलित आहार लेना, नमक व जंक फूड का सेवन कम करना तथा मधुमेह और उच्च रक्तचाप को नियंत्रण में रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित जांच से किडनी रोगों का समय रहते पता चल सकता है और गंभीर समस्याओं से बचाव संभव है।