मोगा: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पंजाब के मोगा जिले के किल्ली चहलां गांव में बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।जानकारी के अनुसार गृह मंत्री करीब 75 मिनट के कार्यक्रम के तहत रैली स्थल पर रहेंगे। उनका हेलीकॉप्टर Halwara International Airport पर उतरेगा, जहां से वे हेलिपैड के जरिए किल्ली चहलां पहुंचेंगे। दोपहर करीब 12:45 बजे रैली स्थल पर पहुंचने के बाद वे सभा को संबोधित करेंगे और फिर दोपहर 2 बजे हलवारा एयरपोर्ट लौट जाएंगे। भाजपा की ओर से रैली के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आयोजकों के मुताबिक करीब 1 लाख लोगों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है। रैली स्थल पर करीब 80 नेताओं के बैठने के लिए बड़ा मंच तैयार किया गया है, जबकि मीडिया के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विभिन्न इलाकों से समर्थकों को लाने के लिए करीब 30 बसों का इंतजाम किया गया है।