दिल्ली: दिल्ली–कानपुर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए।मिली जानकारी के अनुसार बस महाराष्ट्र के नासिक से नेपाल की ओर जा रही थी। रास्ते में पनकी थाना क्षेत्र के सरायमीता इलाके के पास यह हादसा हुआ। बस में लगभग 50 से ज्यादा यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। बस के इमरजेंसी दरवाजे और खिड़कियों के जरिए यात्रियों को बाहर निकाला गया। कई यात्री बस के अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य तेज किया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।