चंडीगढ़: चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर के बाहर जोरदार धमाका होने से अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। शहर के सेक्टर-37 स्थित बीजेपी कार्यालय के बाहर आज बुधवार दोपहर बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई देने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घबराकर बाहर निकल आए। मिली जानकारी के अनुसार, धमाका आज शाम लगभग 5:00 से 5:20 बजे के बीच हुआ।जानकारी के मुताबिक, ये धमाका दफ्तर के बाहर खड़ी एक एक्टिवा में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है। प्रारंभिक तौर पर धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।