एपीजे रिदम्स, मॉडल टाउन, जालंधर में नर्सरी और प्री-नर्सरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए ‘विद्या आगम’ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को वर्णमाला तथा सीखने की प्रारंभिक प्रक्रिया से परिचित कराना था।
एपीजे एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्षा श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया जी का सदैव मानना रहा है कि अनाज पर लिखना ज्ञान की प्राप्ति का प्रतीक होता है। उनके प्रेरणादायक मार्गदर्शन में इस समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात छोटे बच्चों को उनके अभिभावकों की सहायता से अनाज पर ‘ॐ’ और ‘एक ओंकार’ लिखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों ने अपने बच्चों को हार पहनाए और उनके माथे पर तिलक लगाया।
समारोह को और भी आध्यात्मिक रंग देते हुए सीनियर विंग के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके बाद यूकेजी कक्षा की छात्राओं रूहानी और महरीन ने गणेश वंदना से सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश चंदेल जी ने अभिभावकों को ‘विद्या आगम’ की महत्ता तथा इसके उद्देश्य के बारे में संबोधित किया। इस अवसर पर रिदम इंचार्ज श्रीमती निधि घई सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
यह आयोजन बच्चों के शैक्षिक जीवन की एक सुंदर और प्रेरणादायक शुरुआत का प्रतीक बना।