दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में आज सूरज के तेवर बेहद तल्ख रहने वाले हैं। सुबह से ही चिलचिलाती गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। आज दिल्ली के कई हिस्सों में लू चलने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक यानी 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पलाम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह दिन के शुरुआती समय में दिल्ली के सबसे गर्म इलाकों में से एक रहा। मध्य दिल्ली के अंतर्गत लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से थोड़ा अधिक था। रिज केंद्र पर सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 25.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि दक्षिण दिल्ली के आयानगर में 23.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में सुबह वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 210 दर्ज किया गया।