
पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत हुई. बीजेपी ने 293 सीटों में से 204 सीटों पर बाजी मार ली. इसी खुशी में दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय पर विजय जश्न हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन समेत तमाम दिग्गजों ने शिरकत की. इस दौरान पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा उनका शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि जब सालों की साधना सिद्धी में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी देश भर के बीजेपी के कार्यकर्ताओं के चेहरे पर साफ दिख रही है. पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत के लोकतंत्र और संविधान की जीत हुई. बंगाल में 93% मतदान ऐतिहासिक रहा. पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर काफी जुल्म हुए, आज बंगाल भय मुक्त और विकास के भरोसे से युक्त हो गया है. पीएम ने कहा कि बंगाल की धरती पर एक नए सूरज का उदय हुआ है, एक ऐसा सवेरा जिसका इंतजार पीढ़ियों कर रही थीं. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज श्याम प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को शांति मिली. पीएम मोदी ने जनता को आश्वासन दिया कि पहली कैबिनेट में ही आयुष्मान भारत को हरी झंड़ी मिलेगी. उन्होंने ये भी कहा कि अब घुसपैठियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी. प्रधानमंत्री ने ये भी वादा किया कि बीजेपी भयमुक्त बंगाल बनाकर दिखाएगी. पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति अब तेजी से आगे बढ़ रही है. पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी के लिए भारत और भारतीयता के भाव से बड़ा और कुछ नहीं है, बीजेपी क्षेत्रीय आकांक्षाओं से राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा को पूरा करने वाली पार्टी है. इसलिए बीजेपी देश की पसंद बन रही है.