
चंडीगढ़, 4 मई: भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पश्चिम बंगाल में पहली बार प्रचंड बहुमत, और असम व पुडुचेरी में दोबारा भाजपा सरकार बनने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गतिशील नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि 2027 में पंजाब में भी पश्चिम बंगाल जैसे ही परिणाम देखने को मिलेंगे। आज यहां पार्टी मुख्यालय में विभिन्न राज्यों में मिली जीत का जश्न मनाते हुए पत्रकारों से बातचीत में सुनील जाखड़ ने पश्चिम बंगाल के पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना की और उनके धैर्य को नमन किया, जिन्होंने सत्ताधारी पार्टी के कथित अत्याचारों का डटकर सामना किया और “सबका साथ, सबका विकास” की सोच वाली सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि बंगाल पार्टी के लिए एक बड़ी चुनौती था, लेकिन मजबूत नेतृत्व और वहां के लोगों के समर्थन से पार्टी ने इस चुनौती को पार किया है। अब इसी उत्साह के साथ पार्टी पंजाब में आगामी चुनावों की तैयारी में जुट गई है। सुनील जाखड़ ने कहा कि बंगाल के नतीजे पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरेंगे और उन्हें उम्मीद मिली है कि अगर बंगाल में भाजपा आ सकती है तो पंजाब में भी आ सकती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और राजनीतिक आधार पर अत्याचार हो रहे थे, वैसे ही पंजाब के हालात भी ज्यादा अच्छे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आप सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के साथ 2027 के चुनावों की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन में पंजाब के लिए विशेष लगाव है और पार्टी अपना संदेश घर-घर तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब से आप का जाना तय है। मुख्यमंत्री द्वारा विधायकों को बस में बैठाकर दिल्ली राष्ट्रपति भवन ले जाने के सवाल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ध्यान रखें कि कहीं विधायकों की बस बीजेपी दफ्तर की ओर न मुड़ जाए। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस का न केवल पंजाब बल्कि पूरे देश में सफाया हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कांग्रेस ने सत्ताधारी पार्टी के आगे आत्मसमर्पण कर दिया है और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए अपने विधायकों को भ्रष्ट गतिविधियों की खुली छूट दे दी है। उन्होंने अंत में कहा कि आने वाले कुछ महीने पंजाब के लिए कठिन हो सकते हैं, लेकिन भाजपा राज्य और पंजाबियों के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।