दिल्ली: पिंपरी-चिंचवड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शूटरों ने एक फर्नीचर मॉल पर खुलेआम फायरिंग कर सनसनी फैला दी। बाइक पर आए दो हमलावरों ने दो पिस्तौलों से करीब पांच से छह राउंड गोलियां चलाईं। इस हमले की जिम्मेदारी खुद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य शुभम लोणकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार दो युवक आते हैं और फर्नीचर मॉल की तरफ ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो जाते हैं।गोलीबारी में मॉल के कांच टूट गए। फेसबुक पोस्ट में ‘एजे फर्नीचर मॉल’ के मालिक अशोक नैन पर एमडी ड्रग्स तस्करी से जुड़े होने का आरोप लगाया गया है। पोस्ट में यह भी लिखा गया कि “यह सिर्फ ट्रेलर है, अगली गोली सीधे सिर में मारी जाएगी जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिश्नोई गैंग के शूटरों की तलाश के लिए विशेष टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एंगल की पड़ताल कर रही है।