
दिल्ली: अमेरिका ने भारत सहित अपने प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों पर नए आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि कई देशों ने कथित जबरन मजदूरी से बने उत्पादों के आयात को रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं। इसी आधार पर भारत पर 12.5 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव सामने आया है।अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि जांच के दौरान 54 अर्थव्यवस्थाएं ऐसी पाई गईं, जिन्होंने जबरन मजदूरी से बने सामानों के आयात पर प्रभावी प्रतिबंध लागू नहीं किया। इस सूची में भारत, चीन, वियतनाम, ताइवान और ब्रिटेन जैसे देश शामिल हैं। भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्राजील और स्विट्जरलैंड जैसे देशों पर भी 12.5 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है।अमेरिकी जांच में कनाडा, मैक्सिको, यूरोपीय संघ इंडोनेशिया, इक्वाडोर और पाकिस्तान को ऐसी अर्थव्यवस्थाएं माना गया है जिन्होंने नियम तो बनाए लेकिन उनका प्रभावी पालन नहीं कराया। इन देशों के उत्पादों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा गया है।