
फगवाड़ा 6 जून (शिव कौड़ा) फगवाड़ा इन्वायरनमेंट एसोसिएशन द्वारा शालनी उडिय़न ग्रुप के सहयोग से विश्व पर्यावरण दिवस एसोसिएशन के प्रधान के.के. सरदाना की सरपरस्ती तथा महासचिव मलकीयत सिंह रघबोतरा की देखरेख में ब्लड बैंक, गुरु हरगोबिंद नगर, फगवाड़ा में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया समारोह के दौरान मलकीयत सिंह रघबोतरा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। जिसके पश्चात नेशनल अवार्डी मास्टर गुरमीत सिंह ने संबोधित करते हुए बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस संयुक्त राष्ट्र संगठन (यू.एन.ओ.) की अपील पर पूरी दुनिया में मनाया जाता है। उन्होंने कार्यक्रम के विषय ‘प्रकृति से प्रेरित, जलवायु हमारे भविष्य के लिए’ पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि बड़े स्तर पर औद्योगीकरण और शहरीकरण के कारण पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। इसके चलते ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रही है तथा कहीं सूखा पड़ता है तो कहीं बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ग्लेशियर पिघल रहे हैं और समुद्रों में जल स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे मानव जीवन के लिए खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने और वायु व जल को प्रदूषित न करने की जोरदार अपील की। सेवानिवृत्त मुख्य अध्यापक नरेश कोहली ने पर्यावरण क्या है और यह किस प्रकार प्रदूषित होता है, जिससे जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इस संबंध में अपने बहुमूल्य विचार साझा किए। स्वच्छ भारत मिशन की प्रतिनिधि सुनीता शर्मा एवं आशा रानी ने प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा इसके दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कपड़े के थैले के उपयोग का संदेश भी दिया। शालनी ग्रुप के विद्यार्थियों ने कोऑर्डिनेटर आंचल के नेतृत्व में चर्चा में भाग लिया। लेखक महिंदर सिंह सोढ़ी ने पर्यावरण संरक्षण संबंधी सुझाव दिए तथा सभी गणमान्यों का कार्यक्रम में पहुंचने के लिए आभार जताया। मिस्टर नवीन ने पर्यावरण के संबंध में अपने बहुमूल्य विचार प्रस्तुत करते हुए पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के माध्यम से उपस्थितों के ज्ञान में वृद्धि की तथा बताया कि पर्यावरण की सुरक्षा क्यों आवश्यक है। इस अवसर पर मोहन लाल तनेजा, रूप लाल, सुधा बेदी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।