
जालंधर/
कांग्रेस अनुसूचित विभाग पंजाब के वाइस चेयरमैन अश्वनी जंगराल ने पंजाब भर में चल रही SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं और सरकारी कर्मचारियों को हो रही परेशानियों को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार की कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद SIR केंद्रों पर न तो पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही लोगों के बैठने के लिए उचित प्रबंध किए गए हैं। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं को घंटों कतारों में खड़ा रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
अश्वनी जंगराल ने कहा कि लोकतंत्र के सबसे महत्वपूर्ण अधिकार से जुड़े इस अभियान में लोगों को सुविधाएं देने की बजाय उन्हें परेशान किया जा रहा है। यह मतदाताओं के सम्मान और अधिकारों के साथ सीधा खिलवाड़ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने बिना पर्याप्त तैयारी और बुनियादी व्यवस्थाओं के इस प्रक्रिया को शुरू कर दिया, जिसके चलते आम जनता के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी भी भारी दबाव और अव्यवस्थाओं का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों के लिए भी आवश्यक सुविधाओं का अभाव देखने को मिल रहा है।
श्री जंगराल ने कहा कि जनता की सुविधा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन आम आदमी पार्टी सरकार इस जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी और लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाती रहेगी।