
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान एवं कैंटोनमेंट बोर्ड जालंधर द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में निशुल्क 19 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का दूसरा दिन संपन्न
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान एवं कैंटोनमेंट बोर्ड जालंधर द्वारा जवाहर पार्क, जालंधर कैंट में आयोजित तीन दिवसीय विलक्षण योग शिविर का दूसरा दिन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी के शिष्य योगाचार्य स्वामी अश्वनी आनंद जी ने उपस्थित जनसमूह को योग के महत्व एवं उसके वैज्ञानिक लाभों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
स्वामी जी ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की विधा नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करता है, एकाग्रता बढ़ाता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में योग प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यकता बन चुका है।
योग सत्र के दौरान स्वामी जी ने कमर दर्द, गर्दन दर्द, घुटनों के दर्द, सर्वाइकल तथा नेत्र ज्योति को सुदृढ़ करने हेतु विभिन्न योगासन एवं प्राणायामों का अभ्यास करवाया। उन्होंने बताया कि नियमित एवं सही विधि से किए गए योगासन अनेक शारीरिक समस्याओं से राहत प्रदान कर सकते हैं तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाते हैं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने ऋतु के अनुसार संतुलित एवं सात्विक आहार ग्रहण करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मौसम की अपनी आवश्यकताएँ होती हैं, इसलिए प्रकृति के अनुरूप भोजन करना स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी है। स्वस्थ जीवन के लिए योग, प्राणायाम, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच का समन्वय आवश्यक है।
इस अवसर पर दिव्य ज्योति जागृति संस्थान से स्वामी सज्जनानंद जी, श् विनोद, जालंधर शाखा प्रमुख साध्वी पल्लवी भारती जी एवं साध्वी रीना भारती जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं कैंटोनमेंट बोर्ड जालंधर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कुँवर ओमपाल सिंह, महेश गुप्ता एवं राकेश अग्रवाल, अश्वनी सिंगला, अंबेश पांडे, अंजीव, सुनील कुमार, सुखदेव सिंह, ओम प्रकाश, कैंट बोर्ड की सारी टीम उपस्थित रही। सभी ने भी योग शिविर में सहभागिता कर आयोजन की सराहना की।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। आयुर्वेदाचार्य कृपाल जी द्वारा निशुल्क नाड़ी परीक्षण भी किया गया। साध्वी पल्लवी भारती जी ने बताया आज योग का आखिरी दिन रहेगा।