SliderUncategorizedपंजाब

केंद्रीय विधानसभा के हर रेलवे क्रॉसिंग का स्थायी समाधान भाजपा ही करेगी : राकेश राठौर

जालंधर, 25 जून ( )। जालंधर के पूर्व मेयर एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजिंदर बेरी द्वारा गुरु नानक पुरा रेलवे ओवरब्रिज को लेकर दिए गए बयानों को तथ्यों से परे और जनता को गुमराह करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर झूठा श्रेय लेने की कांग्रेस की राजनीति अब जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है।

राकेश राठौर ने कहा कि गुरु नानक पुरा रेलवे ओवरब्रिज का प्रोजेक्ट वर्ष 2017 में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान मंजूर हुआ था। उस समय इस परियोजना को केंद्र सरकार और राज्य सरकार के संयुक्त सहयोग से पूरा किया जाना था। लेकिन इसके बाद पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य सरकार ने अपने हिस्से का आवश्यक फंड जारी नहीं किया, जिसके कारण यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट वर्षों तक लंबित पड़ा रहा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के बाद वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी, लेकिन उसने भी इस परियोजना को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई। न कांग्रेस ने जनता की परेशानी समझी और न ही आम आदमी पार्टी ने इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाया। परिणामस्वरूप केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों को वर्षों तक रेलवे फाटकों पर जाम और असुविधा का सामना करना पड़ा।

राकेश राठौर ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जनता की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस परियोजना को अपने खर्च पर पूरा करने का निर्णय लिया है। ऐसे में राजिंदर बेरी द्वारा इस परियोजना का श्रेय लेने का प्रयास पूरी तरह हास्यास्पद और राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक पुरा ओवरब्रिज बनने से गुरु नानक पुरा ईस्ट, गुरु नानक पुरा वेस्ट, लदेवाली, रेल विहार तथा रेलवे लाइन के दूसरी ओर बसे अनेक क्षेत्रों के हजारों निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे यातायात सुगम होगा, समय की बचत होगी और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

राकेश राठौर ने कहा कि भाजपा केवल घोषणाओं की राजनीति नहीं करती, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में विश्वास रखती है। केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में रेलवे फाटकों की समस्या का स्थायी समाधान भाजपा की प्राथमिकता है और आने वाले समय में अन्य प्रमुख रेलवे क्रॉसिंगों पर भी ओवरब्रिज, अंडरब्रिज और फुटओवर ब्रिज जैसी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक रेलवे क्रॉसिंग का समाधान भाजपा सरकार ही करेगी। भाजपा विकास, सुगम यातायात और जनसुविधाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस केवल झूठे दावों और बयानबाजी के सहारे राजनीतिक अस्तित्व बचाने का प्रयास कर रही है।

राकेश राठौर ने अंत में कहा कि जनता अब यह भली-भांति समझ चुकी है कि विकास कार्यों को मंजूरी कौन दिलाता है, फंड कौन उपलब्ध करवाता है और काम कौन पूरा करवाता है। केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी और भाजपा जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेगी।

कैप्शन : केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंगों की समस्याओं और गुरु नानक पुरा ओवरब्रिज परियोजना को लेकर जानकारी देते भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मेयर राकेश राठौर।

Related Articles

Back to top button