दिल्ली: गाजा पट्टी में हुए ताजा इजरायली हवाई हमलों और टैंकों की गोलाबारी ने एक बार फिर तबाही का मंजर पैदा कर दिया। इस नए हमले में कम से कम 4 फिलिस्तीनी नागरिकों की मौत हो गई जिनमें एक 13 साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों और राहत संगठनों ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। हालांकि दोनों पक्षों के बीच अक्टूबर में एक युद्धविराम समझौता हुआ था जिसके बाद बड़े पैमाने पर जंग तो थमी है लेकिन छिटपुट हमलों में निर्दोष लोगों की जान जाने का सिलसिला अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहला हमला उत्तरी गाजा के बैत लाहिया में लोगों के एक समूह पर किया गया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। वहीं दूसरा हमला दक्षिणी गाजा में हुआ जहां एक व्यक्ति की मौत हुई।