
बाथू, ऊना | 10 जुलाई, 2026
इंडस इंटरनेशनल विश्वविद्यालय, बाथू, जिला ऊना (हि.प्र.) द्वारा Community Outreach Initiative के अंतर्गत 40 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उपप्रधानों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय एवं ग्राम पंचायतों के मध्य सहयोग, समन्वय तथा ग्रामीण विकास के लिए एक सशक्त साझेदारी स्थापित करना था।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. संजय बहल, कुलसचिव डॉ. जे. एस. राणा, डीन अकादमिक्स डॉ. अमिता रानी, विशिष्ट अतिथिगण, संकाय सदस्य, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा 40 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान एवं उपप्रधान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ डीन अकादमिक्स डॉ. अमिता रानी द्वारा स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के सहयोग से शिक्षा, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं युवा विकास जैसे क्षेत्रों में अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।अपने अध्यक्षीय संबोधन में माननीय कुलपति डॉ. संजय बहल ने सभी नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उपप्रधानों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि इंडस इंटरनेशनल विश्वविद्यालय समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पंचायतों के साथ मिलकर शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास, नवाचार, स्वास्थ्य जागरूकता तथा सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय और पंचायतों के बीच दीर्घकालिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।इस अवसर पर श्री कमल सैनी (पूर्व जिला परिषद सदस्य, बाथू), श्री मनीष कुमार चब्बा (वरिष्ठ पत्रकार, पंजाब केसरी) तथा एडवोकेट संदीप कुमार (उपाध्यक्ष, नगर परिषद) ने अपने बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने विश्वविद्यालय की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए शिक्षा, करियर मार्गदर्शन, विधिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल साक्षरता, महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं के व्यक्तित्व विकास से संबंधित कार्यक्रमों को ग्राम पंचायतों के सहयोग से नियमित रूप से आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय भविष्य में समाज एवं शिक्षा के मध्य एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाएगा।समारोह के दौरान सभी नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उपप्रधानों को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रत्येक शैक्षणिक, सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का समापन कुलसचिव डॉ. जे. एस. राणा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने माननीय कुलपति, विशिष्ट अतिथियों, सभी ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह विश्वविद्यालय एवं ग्रामीण समाज के मध्य सहयोग को नई दिशा प्रदान करेगा तथा भविष्य में अनेक जनहितकारी एवं विकासात्मक कार्यक्रमों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
यह सम्मान समारोह इंडस इंटरनेशनल विश्वविद्यालय की सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सहभागिता एवं ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण सिद्ध हुआ तथा विश्वविद्यालय और ग्राम पंचायतों के मध्य दीर्घकालिक सहयोग की मजबूत नींव रखी।