
मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज, जालंधर में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया पूरे जोर-शोर से चल रही है। प्राचार्य डॉ. जगरूप सिंह ने बताया कि अधिकांश सीटें भर चुकी हैं तथा केवल कुछ ही ट्रेडों में सीटें शेष हैं। दसवीं पास इच्छुक विद्यार्थी कार्यालय समय के दौरान किसी भी समय कॉलेज पहुँचकर प्रवेश ले सकते हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों के लिए प्रवेश लेने का अंतिम अवसर है। इसके बाद किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सुविधा के लिए कॉलेज परिसर में एडमिशन हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, +2 (नॉन-मेडिकल), व्यावसायिक (वोकेशनल) तथा आई.टी.आई. उत्तीर्ण विद्यार्थी लेटरल एंट्री के माध्यम से सीधे डिप्लोमा के द्वितीय वर्ष में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
डॉ. जगरूप सिंह ने बताया कि इस वर्ष कॉलेज के पूर्व विद्यार्थियों (एलुमनाई) द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को लाखों रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की तकनीकी शिक्षा बाधित न हो।
उन्होंने आगे बताया कि कॉलेज में 30 जुलाई को हवन-यज्ञ के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया जाएगा। इसके पश्चात सात दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसके माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों को कॉलेज की विभिन्न गतिविधियों तथा संपूर्ण डिप्लोमा पाठ्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया जाएगा।