
जालंधर:
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (जालंधर), 25 जुलाई 2026: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के खेल प्रांगण में आयोजित 55वीं केन्द्रीय विद्यालय संगठन (KVS) राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता (बालक वर्ग) चौथे दिन बेहद रोमांचक दौर में पहुँच चुकी है। पांच दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में देशभर के विभिन्न संभागों से आए छात्र खिलाड़ी शीर्ष सम्मान हासिल करने के लिए जी-जान से जुटे हैं। गुरुवार को मैदान दिन भर उत्साही प्रतिभागियों की तालियों और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल से गुलजार रहा । खो-खो, कबड्डी, मुक्केबाज़ी, बैडमिंटन और निशानेबाज़ी की समानांतर प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कबड्डी अंडर-14:वाराणसी ने चंडीगढ़ को (61-47),दिल्ली ने कोलकाता को (61-40), रांची ने जयपुर को (62-30) और पटना ने आगरा को (42-25) के कड़े मुकाबले में हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। कबड्डी अंडर-17: जयपुर ने भुवनेश्वर को (68-40), आगरा ने जम्मू को (66-34), पटना ने रांची को (36-26) और चेन्नई ने रायपुर को (35-23) के कड़े मुकाबले में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
खो-खो अंडर-14: एर्नाकुलम ने पटना को (13-11), चेन्नई ने भोपाल को (13-12), जम्मू ने वाराणसी को (22-15) और आगरा ने लखनऊ को (21-20) के कड़े मुकाबले में हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। खो-खो अंडर-17: लखनऊ ने बेंगलुरु को (08-07), गुवाहाटी ने कोलकाता को (15-13),भुवनेश्वर ने गुरुग्राम को (10-09) तथा आगरा ने एर्नाकुलम को (15-13) से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।
खेल प्रतियोगिता में मुक्केबाज़ों ने सटीक पंचों से निर्णायक जीत दर्ज की, तो बैडमिंटन कोर्ट पर फुर्तीले मूवमेंट और आक्रामक स्मैश का जलवा रहा। निशानेबाज़ी में अद्भुत एकाग्रता और ‘बुल्स-आई’ पर साधे सटीक निशानों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रतियोगिता के सुचारू संचालन एवं व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए आयोजक श्री अनुराग भटनागर (उपायुक्त, केन्द्रीय विद्यालय संगठन, चंडीगढ़ संभाग), श्री जुगल किशोर तथा श्री पी.सी. तिवाड़ी (सहायक आयुक्त, चंडीगढ़ संभाग) ने व्यक्तिगत रूप से मैदानों व खेल स्थलों का दौरा किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और खिलाड़ियों को निर्बाध सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।
कल होगा भव्य समापन समारोह: सजने लगा पदक विजेताओं का मंच 22 जुलाई 2026 से शुरू हुई इस 55वीं राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह कल दिनांक 26 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में राज्य शस्त्र पुलिस (पंजाब) के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एम.एफ. फ़रूक़ी (IPS) मुख्य अतिथि के रूप में तथा एलपीयू के छात्र कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिष्ठाता डॉ. सौरभ लखनपाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह में पांच दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ के सभी विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को मेडल, ट्रॉफी तथा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा ।